पंजाब किंग्स (PBKS) ने IPL 2021 के 17वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) को 9 विकेट से शिकस्त दी. पंजाब टीम की इस सीजन में यह 5 मैच में दूसरी जीत है. इसी के साथ टीम पॉइंट टेबल में 5वें नंबर पर पहुंच गई. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई टीम ने 6 विकेट गंवाकर 131 रन बनाए. मुंबई के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए. वहीं सूर्यकुमार यादव ने 33 रनों का योगदान दिया. जवाब में पंजाब किंग्स ने 17.4 ओवर में 1 विकेट गंवाकर 132 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया. कप्तान राहुल ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए. राहुल के अलावा क्रिस गेल ने 35 बॉल पर 43 रन और मयंक अग्रवाल ने 20 बॉल पर 25 रन की पारी खेली.