धुएं का ये गुबार पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) के कैंपस से निकल रहा है. जैसे ही ये खबर आई पूरे देश में हलचल मच गई, क्योंकि यही वो जगह है जहां कोरोना की वैक्सीन कोविशील्ड बन रही है. लेकिन गनीमत की बात ये रही कि SII कैंपस के जिस मंजरी कॉम्पलेक्स में आग लगी है वो वैक्सीन बनाने वाली बिल्डिंग से करीबन 1 किमी दूर है. अदार पूनावाला ने ट्वीट कर कहा है कि हादसे से वैक्सीन की सप्लाई पर असर नहीं पड़ेगा. सीरम इंस्टीट्यूट दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन निर्माता है, इसका परिसर करीब 100 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है. भविष्य की महामारियों से निपटने के लिए मंजरी कॉम्पलेक्स में आठ-नौ बिल्डिंग्स बनाई जा रही थीं, इसका मकसद SII की वैक्सीन निर्माण क्षमता को बढ़ाना है. माना जा रहा है कि इस हादसे से सीरम के वैक्सीन उत्पादन की तेजी पर असर पड़ सकता है.