इतवार को एक नए बने कोविड अस्पताल का शुभारंभ करने हरियाणा के हिसार पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ा. उग्र हुए किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया. इस दौरान किसानों का एक गुट पुलिस से उलझ गया जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया. पुलिस की तरफ से किए गए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोलों में कई किसानों के घायल होने का समाचार है. वहीं किसान नेता राकेश टिकैत ने सरकार के इस रवैये की निंदा की है और घायल किसानों से मुलाकात करने का फैसला किया है. किसानों ने भी सोमवार को हिसार रेंज के आईजी और जिले के सभी थानों का घेराव करने का ऐलान किया है.