अमेरिका में अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस बर्बरता से हुई मौत पर उबाल बरकरार है. घटना के 10 दिन बाद भी देश में प्रदर्शन और शांतिमार्च का सिलसिला जारी है. 10वें दिन जॉर्ज के अंतिम संस्कार में कई नामचीन हस्तियों के साथ हजारों लोग शामिल हुए. लोगों ने ब्रुकलिन ब्रिज से मैनहट्टन तक मार्च किया और सिएटल में सिटी हॉल के बाहर इकट्ठे होकर पूरे देश में सड़कों पर प्रदर्शन किया. इस दौरान लोग जॉर्ज के लिए न्याय की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे. उधर, अमेरिकी नागरिक अधिकारों के लिए लड़ने वाले कई संगठनों ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के खिलाफ केस दर्ज कराया है. बता दें कि व्हाइट हाउस के सामने प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले और स्मोक बम छोड़े थे, जिसके बाद से ही ट्रंप की खूब आलोचना हो रही है.