देशभक्ति का नाम आते ही हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार की तस्वीर ज़ेहन में आती है. हिंदी सिनमा में जहां कई फिल्मों ने देशभक्ति की इबारत लिखी वहीं अब देशभक्ति का ये जज्बा फिल्मों से निकलकर ओटीटी प्लैटफॉर्म (OTT Platform) पर भी नजर आने लगा है. जहां थ्रिलर, सेंसेशनल, इरोटिक किसी कंटेंट की कमी नहीं है. पर यहां भी देशभक्ति पर बनी सीरीज का कोई मुकाबला नहीं है. आइये एक नजर डालते हैं ऐसी ही कुछ वेब सीरीज पर...
द फैमिली मैन 1-2 (The Family Man)
इस लिस्ट में सबसे पहले नाम आता है मनोज बाजपेयी स्टारर द फैमिली मैन (The Family Man) का. इस सीरीज का पहला पार्ट सितंबर 2019 जबकि दूसरा पार्ट जून 2021 में रिलीज हुआ. अमेजन प्राइम की इस वेब सीरीज के दोनों पार्ट्स की जितनी तारीफ की जाए कम है. इस सीरीज में इंटेलिजेंस एजेंसी के एजेंट बने मनोज बाजपेयी ने कमाल का काम किया है. अपने परिवार की फिक्र से लेकर अपने देश की हिफाजत के लिए एजेंट्स क्या कुछ नहीं कर गुजरते. सीरीज में मनोज के साथ प्रियामणि, सामंथा अक्किनेनी, शारिब हाशमी, नीरज माधवी और पवन चोपड़ा मुख्य भूमिका में हैं.
जीत की जिद (Jeet ki Zid)
जी 5 की ये वेब सीरीज मेजर सेंगर की रियल लाइफ स्टोरी पर बेस्ड है. ये 22 जनवरी 2021 को रिलीज हुई थी और इसमें अमित साध, सुशांत सिंह, अमृता पुरी, गगन रंधावा मुख्य भूमिका में हैं. मेजर सेंगर की भूमिका में अमित साध ने उनकी जिंदगी की प्रमुख घटनाओं और किरदार को बखूबी निभाया है.
द फॉरगॉटन आर्मी (The Forgotten Army)
24 जनवरी 2020 को रिलीज हुई अमेजॉन प्राइम की ये सीरीज देशभक्ति से भरी है. कबीर खान के निर्देशन में बनी इस सीरीज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की फौज की एक काल्पनिक तस्वीर पेश की गई है. वतन पर मर मिटने के जज्बे को इस तरह पेश किया गया है कि देखने वाले देशभक्ति के जोश से भर जाते हैं
द टेस्ट केस (The Test Case)
ऑल्ट बालाजी की इस सीरीज में देशभक्ति का जज्बा तो है ही एक ऐसी लेडी आर्मी ऑफिसर की कहानी भी है जो पुरूषों की दुनिया में खुद को साबित करना चाहती है और कामयाब भी होती है. 2017 में रिलीज हुई इस सीरीज में जूही चावला के साथ निम्रत कौर, अक्षय ओबेरॉय, अतुल कुलकर्णी, राहुल देव और अनूप सोनी मुख्य भूमिका में हैं. इसका निर्देशन विनय वैकुल और नागेश कुकुनूर ने किया है.
बोस डेड/अलाइव (BOSE: Dead/Alive)
20 नवंबर 2017 को एम एक्स प्लेयर पर रिलीज हुई ये वेब सीरीज सुभाष चंद्र बोस पर ही बेस्ड है. इसमें राजकुमार राव ने सुभाष चंद्र बोस की भूमिका निभाई है. इसमें नवीन कस्तूरिया, एडवर्ड सोनेनब्लिक और अन्ना एडोर भी सहायक भूमिकाओं में हैं. सीरीज में राजकुमार राव का काम काबिल ए तारीफ है. अंग्रेजों के खिलाफ नेताजी की आजादी की जंग से लेकर मौत तक के अनसुलझे रहस्यों को सीरीज में दिखाया गया है.
स्पेशल ऑप्स (Special Ops)
17 मार्च 2020 को रिलीज हुई डिज्नी हॉटस्टार की ये वेब सीरीज केके मेनन के मुरीदों के लिए किसी सौगात से कम नहीं हैं. वेब सीरीज की स्टोरी लाइन भी कमाल की है जो आपको संसद पर हुए हमले की याद दिलाएगी. उस हमले के सूत्रधार को रॉ एजेंट बने केके मेनन ढूंढ निकालते हैं और मिशन को मुकाम तक पहुंचाते हैं.
पी ओ डब्ल्यू बंदी युद्ध के (POW Bandi Yudh Ke)
2016 में रिलीज हुई हॉटस्टार की ये वेब सीरीज दो सोल्जर्स की लाइफ पर बेस्ड है जो तकरीबन 17 साल तक बंदी रहने के बाद अपने परिवार से मिले हैं. सीरीज देशभक्ति तो जगाती ही है साथ ही पॉलिटिकल थ्रिलर भी है. इसे बेस्ट एशियन शो का खिताब भी मिल चुका है. इसमें संध्या मृदुली, पूरब कोहली, सत्यदीप मिश्रा, मनीष चौधरी, पारुल गुलाटी ने मुख्य भूमिका निभाई है.