बिहार के भू-राजस्व मंत्री रामसूरत राय के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्य विधानसभा में तेजस्वी यादव समेत आरजेडी विधायकों ने जमकर हंगामा किया. विरोध कर रहे इन लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की. इसके बाद तेजस्वी यादव ने अपने विधायकों के साथ राजभवन तक पैदल मार्च भी किया. तेजस्वी के मुताबिक, ये तानाशाह सरकार है, जो उन्हें सदन में अपने विचार नहीं रखने दे रही है. दरअसल विपक्ष का ये आरोप है कि शराबबंदी कानून के बावजूद मुजफ्फरपुर में रामसूरत राय के स्कूल से शराब बरामद हुई. तेजस्वी यादव ने इसे शराब माफिया को सरकार का संरक्षण और कानून-व्यवस्था की बड़ी नाकामी बताते हुए रामसूरत राय को बर्खास्त करने की मांग की है.