भारत में हर साल 16 मार्च को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (नेशनल वैक्सीनेशन डे) मनाया जाता है. नेशनल वैक्सीनेशन डे पहली बार 16 मार्च, 1995 को मनाया गया था. जब सरकार ने भारत से पोलियो को जड़ से ख़त्म करने का अभियान पल्स पोलियो कैम्पेन के ज़रिए शुरू किया था. इसके तहत 16 मार्च, 1995 को पांच साल तक की आयु के बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन की पहली खुराक दी गई थी. जिसके बाद से आज के दिन को नेशनल वैक्सीनेशन डे के रूप में मनाया जाने लगा. दुनिया के सभी लोगों के लिए वैक्सीनेशन का क्या महत्व ये सभी जानते हैं. खासतौर पर कोविड-19 महामारी के दौरान सभी को वैक्सीन की अहमियत का अंदाज़ा हो गया है. वैक्सीन, घातक और ख़तरनाक बीमारियों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है.