डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Night Riders) से हारा हुआ मैच छीनकर 10 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की है. इसके साथ ही मुंबई ने IPL सीजन 14 में पहली जीत दर्ज की. कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. जिसे आंद्रे रसेल और पैट कमिंस ने सही साबित किया. रसेल के 5 विकेटों की मदद से कोलकाता ने मुंबई की पारी को 152 रनों पर ही समेट दिया. मामूली से स्कोर का पीछा करने उतरी कोलकाता ने पहले विकेट के लिए अच्छी साझेदारी की. नितीश राणा (Nitesh Rana) ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतकीय पारी खेली. एक समय कोलकाता का स्कोर 104 रन तीन विकेट के नुकसान पर था. बावजूद इसके पहले राहुल चाहर के 4 विकेट और अंतिम ओवर में ट्रेंट बोल्ट के 2 विकेटों की मदद से मुंबई ने वापसी करते हुए कोलकाता से मैच छीन लिया.