मुंबई (Mumbai Rains) के लोगों के लिए मॉनसून जानलेवा साबित हुआ है. शनिवार देर रात शुरू हुई भारी बारिश के बाद कई जगहों पर मकान गिरने और भूस्खलन (Landslide in Mumbai) होने से कम से कम 30 लोगों की मौत होने का समाचार है. मुंबई के चेंबूर इलाके में मकान के ढहने से 20 लोगों की जान गई और ऐसे ही विक्रोली में एक दो मंजिला मकान गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई. वहीं भांडुप में दीवार गिरने से 1 युवक ने अपनी जान गंवा दी.
हादसे वाली जगहों पर एनडीआरएफ की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई थी जिन्होंने रविवार की शाम को अपना ऑपरेशन खत्म किया है. भारी बारिश के कारण कई बरसाती नदियां जैसे मीठी नदी और दहिसर नदी उफान पर हैं. इनके किनारों पर बसे रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है.
राज्य सरकार ने मरने वालों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये का मुआवजा घोषित किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी मरने वालों के लिए 5 लाख और घायलों के लिए 50 हजार की राशि का घोषणा की है. मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे एवं कोकण क्षेत्रों में अगले 24 घंटे भी तेज बारिश की संभावना जताई है.
यह भी पढ़ें: Monsoon Session: संसदीय सत्र के हंगामेदार होने आसार, सरकार भी विपक्ष का वार झेलने को तैयार