देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर (Second wave of corona virus) हर गुजरते दिन के साथ कमजोर पड़ती जा रही है हालांकि मौतों की बढ़ती संख्या चिंता बढ़ा रही है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में 24 घंटे में 91 हजार 702 नए केस सामने आए जबकि 3403 मरीजों की जान चली गई है. हालांकि इसी दौरान 1 लाख 34 हजार 580 मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब भी हुए हैं.
ये लगातार 29वां दिन है जब वायरस के नए मामलों (New cases of virus) से ज्यादा रिकवरी हुई हैं. एक्टिव केसों (active cases) की बात करें तो देश में फिलहाल इनकी संख्या 11 लाख 21 हजार 671 है. बहरहाल देश में अब कुल कोरोना मरीजों की संख्या दो करोड़ 92 लाख 74 हजार 823 हो गई है जबकि 3 लाख 63 हजार 79 मरीज कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए हैं. देश में कोरोना से डेथ रेट 1.23 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 94 फीसदी से ज्यादा है. वैक्सीनेशन के मोर्चे पर भी अच्छी खबर है. गुरुवार को देश में 32 लाख 74 हजार टीके लगाए गए हैं. जिससे वैक्सीनेशन का कुल आंकड़ा बढ़कर 24 करोड़ 60 लाख से ज्यादा हो गया है.