गर्मी से परेशान दिल्ली-NCR के लोगों को फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विभाग (Weather department) के मुताबिक दिल्ली, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा और राजस्थान (Haryana and Rajasthan) को मॉनसून की बारिश (Monsoon) के लिए जुलाई तक इंतजार करना होगा.
विभाग ने कहा है कि बारिश नहीं होने की वजह से उत्तर-पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.
मौजूदा स्थितियों से संकेत मिलता है कि अगले सप्ताह तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के शेष हिस्सों में आगे बढ़ेगा. IMD के मुताबिक भारत में अब तक मॉनसून के मौसम में 28 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है.
देश में 23 जून तक 145.8 मिमी बारिश हुई है जबकि सामान्य बारिश 114.2 मिमी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 जून तक उत्तर पश्चिम भारत के अलग अलग स्थानों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना है.