कोलकाता में फर्जी कोरोना वैक्सीनेशन ड्राइव (Covid Vaccination Drive) का खुलासा हुआ है और इस बार इसका शिकार हुईं हैं बंगाली फिल्मों की स्टार और टीएमसी सांसद मिमी चक्रवर्ती(Mimi Chakraborty). मिमी ने दावा किया है कि एक शख्स ने आईएएस अफसर होने का नाटक कर मिमी से कहा कि वो उनके ड्राइव का हिस्सा बनें और लोगों को प्रोत्साहित करें. मिमी इस ड्राइव में शामिल भी हुईं और टीका भी लगवा लिया. मिमी ने बताया कि उन्होंने कोविशील्ड वैक्सीन ली थी लेकिन कोविन ऐप पर कनफर्मेशन मैसेज नहीं आया इसलिए उनको शक हुआ. जिसके बाद मिमी ने कोलकाता पुलिस में शिकायत की और आरोपी को गिरफ्तार करवाया. मिमी के मुताबिक शख्स ने उनको कहा था कि वो ट्रांसजेडर और दिव्यांगों के लिए विशेष कोविड वैक्सीनेशन ड्राइव चला रहे हैं. आरोपी शख्स के पास एक इनोवा कार भी थी जिसपर वो नीले रंग का एक झंडा भी लगाता था जिससे वो सरकारी अधिकारी लग सके.