नक्सलियों ने 3 अप्रैल की मुठभेड़ के बाद अगवा किए गए CRPF जवान राकेश्वर सिंह मनहास को छोड़ दिया है. खबर है कि उन्हें पद्मश्री धर्मपाल सैनी और बहुत से गांव वालों की मौजूदगी में नक्सलियों ने बिना नुकसान पहुंचाए छोड़ा है. आपको बता दें कि जवान राकेश्वर की 5 साल की बेटी का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था जिसमें उसने नक्सलियों से अपने पापा को रिहा करने की गुहार लगाई थी. न्यूज चैनलों को दिए इंटरव्यू में CRPF जवान राकेश्वर के परिवार वालों ने रिहाई की खबर पर खुशी जताई है.
आपको बता दें कि 3 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के बीजापुर-सुकमा बॉर्डर पर नक्सलियों ने CRPF की उस टीम पर घात लगाकर हमला बोला था जब वो नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन को अंजाम देने जा रहे थे. उस हमले में 22 जवान शहीद हो गए थे, जबकि PLGA ने बताया था कि उसने CRPF के कोबरा कमांडो राकेश्वर सिंह को बंधक बना लिया था.