महाराष्ट्र (Maharashtra) में लगातार बेकाबू होते कोरोना केसों के मद्देनजर मिनी लॉकडाउन (Mini lockdown) की मियाद 15 मई तक बढ़ा दी गई है. राज्य के मुख्य सचिव सीताराम कुंटे की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि पाबंदियां बढ़ाने का फैसला लिया गया है क्योंकि राज्य में कोविड- 19 का खतरा कम नहीं हो रहा है. राज्य में इसी महीने की शुरुआत से लागू पाबंदिया एक मई की सुबह 7 बजे समाप्त हो रही थीं.
राज्य में पाबंदियां बढ़ाने का फैसला ऐसे वक्त लिया गया है जब सूबे में रोजाना 60 हजार से ज्यादा केस आ रहे हैं. गुरुवार को महाराष्ट्र में 66,159 लोग कोरोना पॉजिटिव (Corona positive) पाए गए तो 771 लोगों की मौत हो गई. इससे पहले बॉम्बे हाईकोर्ट (Bombay high court) ने गुरुवार को महाराष्ट्र सरकार से पूछा कि कोरोना को काबू में करने के लिए क्या कम से कम 15 दिन के लिए पिछले साल की तरह लॉकडाउन लगाने पर विचार करने का वक्त आ गया है. हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की बेंच ने पूछा कि क्या राज्य को यकीन है कि नागिरकों की आवाजाही पर उसके मौजूदा प्रतिबंध काम कर रहे हैं?