महाराष्ट्र कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय पांडेय को राज्य के के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक गृह विभाग ने शुक्रवार शाम को यह आदेश जारी किया. हाल के दिनों में पांडेय उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने सीएम उद्धव ठाकरे को लिखे अपने पत्र में परमबीर सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. पत्र में उन्होंने लिखा था कि ADG देवेन भारती के खिलाफ जांच के मामले में परमबीर सिंह ने गवाहों को धमकाया था और जांच को प्रभावित किया था. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पांडेय के इन दावों के बाद महाराष्ट्र सरकार ने परमबीर सिंह के खिलाफ अब एक नई जांच शुरू की है. इस जांच में उनके पद पर रहते लिए गए प्रभावशाली फैसलों, सचिन वाझे और कई दूसरे तथ्यों को शामिल किया जाएगा.