100 करोड़ रुपये की वसूली मामले में महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख की मुश्किलें बढ़ती जा रही है. अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) के खिलाफ सीबीआई (CBI) ने अबतक का सबसे बड़ा तलाशी अभियान चलाया है. बुधवार को CBI ने देशमुख के 12 ठिकानों पर छापेमारी की. ये छापेमारी मुंबई, पुणे, अहमदनगर, सांगली, नासिक में की गई. इसके अलावा कई पुलिस अधिकारियों के ठिकानों पर भी CBI ने छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में संदिग्ध बिचौलियों के अलावा मुंबई और अहमदनगर में ACP संजय पाटिल और DCP राजू भुजबल से जुड़े ठिकानों की तलाशी भी ली गई. इससे पहले 100 करोड़ रुपये की वसूली के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अनिल देशमुख के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.20 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी.
बता दें कि CBI ने बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों पर महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ FIR दर्ज कर उनसे पूछताछ की थी और मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर उनका भी बयान दर्ज किया था.