महाराष्ट्र सरकार(Maharashtra Covid Update) ने रविवार को देश के 6 राज्यों को संवेदनशील घोषित करते हुए वहां से आने वाले यात्रियों के लिए कोरोना टेस्ट रिपोर्ट लेकर आना जरूरी कर दिया है. ये 6 राज्य केरल, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, गोआ और उत्तराखंड हैं. इन राज्यों से महाराष्ट्र जा रहे लोगों को अपने साथ कम से कम 48 घंटे पुराना निगेटिव आरटी-पीसीआर टेस्ट रिपोर्ट लाना होगा. महाराष्ट्र के मुख्य सचिव सीताराम कुंते ने ये नए आदेश जारी किए.
बता दें कि रविवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 68,631 नए केस आए हैं जो कि अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है. रविवार को ही 503 लोगों ने कोरोना से अपनी जान भी गंवाई. महाराष्ट्र में अब तक कुल 38,39,338 कोरोना के मामले आ चुके हैं जिसमें से 31,06,828 लोग रिकवर हुए हैं.