Lucknow Rain: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बुधवार रात से शुरू हुई तेज बारिश से हाल बेहाल है. भारी बारिश के चलते जगह जगह जलजमाव और जाम की स्थिति है. कई इलाकों में सड़कें, दुकान और मकान हर जगह बस पानी ही पानी नजर आ रहा है. कई जगह पेड़ गिरने और उससे रास्ता बंद होने की भी खबर है.
आम लोगों से लेकर मंत्रियों तक के घर जलमग्न हो गए हैं. बीएसपी महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के आवास पर भी पानी भर गया है. बारिश की वजह से राजधानी के कई इलाकों में घंटों बिजली भी गुल रही. खबर है कि प्रदेश में अब तक 10 से ज्यादा लोगों की जान भारी बारिश के चलते जा चुकी है.
उधर, लगातार बारिश से बदहाल हुए शहर और शहरवासियों को बचाने में जुटे प्रशासन ने राहत -बचाव कार्य तेज कर दिया है. जिला प्रशासन ने शहर वासियों के लिए के एडवाइजरी जारी की है और लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक ना होने पर अपने घरों से बाहर न निकलें. साथ ही भीड़-भाड़ और ट्रैफिक जाम वाले इलाकों में जाने से बचें और खुले सीवर, बिजली के तार और खंभों के आसपास ना जाएं.
वहीं नगर निगम कंट्रोल रूम ने नंबर जारी कर किसी भी सिविक समस्या की जानकारी देने को कहा है. जलभराव, पेड़ गिरने जैसी दिक्कत होने पर आप 6389300137/ 38 या 39 पर सूचना दे सकते हैं. इलेक्ट्रिसिटी ब्रेकडाउन होने पर हेल्पलाइन नम्बर 1912 और अन्य किसी समस्या के लिए इंट्रीग्रेटेड कंट्रोल कमाण्ड सेंटर के नम्बर 0522.4523000 पर कॉल कर सकते हैं.