कर्नाटक (Karnataka ) के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की तमाम अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सीएम बीएस येदियुरप्पा (B. S. Yediyurappa) अपने पद पर बने रहेंगे. न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में बोम्मई बोले कि इससे पहले खुद सीएम येदियुरप्पा और प्रभारी अरुण सिंह भी इन अटकलों पर विराम लगा चुके हैं. बोम्मई ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के लिए ही तमाम अफवाहों को हवा दी जा रही है.
मालूम हो कि पिछले महीने बीजेपी के कई विधायकों और मंत्रियों ने मांग की थी कि सीएम बीएस येदियुरप्पा को पद छोड़ देना चाहिए. इसी कड़ी में राज्य के पर्यटन मंत्री सीपी योगेश्वर ने आरोप लगाया था कि सीएम के बजाय उनके बेटे राज्य के मंत्रालयों पर शासन और नियंत्रण कर रहे हैं. बीजेपी MLC एएच विश्वनाथ ने भी कहा था कि बीजेपी के 80 फीसदी विधायकों का मानना है कि कर्नाटक में नेतृत्व बदलना चाहिए. हालांकि सीएम येदियुरप्पा ने कहा था कि जिस दिन पार्टी आलाकमान सीएम पद छोड़ने के लिए कहेगा, उस दिन वे इस्तीफा दे देंगे.