Karnal Kisan Mahapanchayat: हरियाणा के करनाल में किसानों के महापंचायत के बीच मुद्दों के हल के लिए सरकारी कमेटी के साथ चल रही बातचीत विफल रही. हरियाणा के करनाल में भारतीय किसान यूनियन के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने इसकी पुष्टि की, साथ ही कहा कि हम अगली रणनीति अनाज मंडी में तय करेंगे.
इससे पहले सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि उम्मीद है कि 11 सदस्यों की कमेटी के साथ किसानों की बैठक कामयाब होगी और मसले का कोई ना कोई हल निकलेगा.
दरअसल 28 अगस्त को करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज की गई थी जिसमें कई किसानों का सिर फूटा था, किसानों के मुताबिक उनके एक साथी की मौत भी हुई थी. यहां SDM को बोलते सुना गया था कि किसानों का सिर फोड़ दो. लाठीचार्ज के विरोध में ही प्रदर्शनकारी किसानों ने मंगलवार को 'लघु सचिवालय' का घेराव करने का एलान किया, जिसके मद्देनजर करनाल में प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी, और करनाल समेत आस पास के कई जिलों में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया.
उधर हरियाणा पुलिस ग्राउंड इंटेलिजेंस रिपोर्ट के हवाले से बताया कि कुछ शरारती तत्व डंडे और लोहे की रॉड के साथ करनाल के अनाज मंडी पहुंचे हैं. ऐसे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि कानून अपने हाथ में ना लें और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखें.
ये भी पढ़ें: Mayawati का RSS प्रमुख से सवाल, 'अगर हिंदुओं-मुसलमानों के पूर्वज एक थे तो फिर उनसे सौतेला व्यवहार क्यों?'