चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav Bail) को झारखंड हाईकोर्ट (Jharkhand HighCourt) से जमानत मिल गई है. अदालत के इस आदेश के बाद लालू यादव के लिए जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है. आरजेडी सुप्रीमो को ये जमानत दुमका कोषागार से अवैध निकासी से जुड़े चारा घोटाले (Fodder Scam) मामले में मिली है. कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लालू फिलहाल दिल्ली के एम्स में इलाज करवा रहे हैं.
इससे पहले इसी मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सीबीआई की दलीलों को सही मानते हुए लालू की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था. बता दें कि इस मामले में लालू यादव अपनी आधी सजा काट चुके हैं और आखिरी बार वो अपने बेटे तेजप्रताप यादव की शादी में बाहर आए थे. लालू यादव दिसंबर 2017 से जेल में हैं.