पंजाब के पटियाला में चल रही जाह्नवी कपूर स्टारर बॉलीवुड फिल्म 'गुडलक जेरी' की शूटिंग स्थानीय लोगों ने रूकवा दी है. इन लोगों का कहना है कि जब तक नए कृषि कानून रद्द नहीं होते हैं पंजाब में किसी फिल्म शूटिंग नहीं होने दी जाएगी. मौजूदा जानकारी के अनुसार पटियाला में बॉलीवुड फिल्म 'गुडलक जेरी' की शूटिंग चल रही थी, फिल्म की शूटिंग की भनक जैसे ही किसानों को लगी, वो वहां पर पहुंच गए और शूटिंग को बंद करने के लिए हंगामा करने लगे. इस दौरान अभिनेत्री जाह्नवी कपूर भी वहां मौजूद थीं. टीम के सदस्यों ने किसानों से बातचीत भी की, और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की. लेकिन प्रदर्शनकारी फिल्म की शूटिंग रोकने की मांग पर अड़े रहे.