इज़राइल की सत्ता करीब 12 साल बाद गंवाने की दहलीज पर खड़े पीएम बेंजमिन नेतन्याहू ने अब कुर्सी खिसकती देख इज़राइली लोगों को चेताया है. नई गठबंधन सरकार बनने की संभावना और मजबूत होने पर नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा हुआ तो यह 'देश की सुरक्षा के लिए खतरनाक' होगा.
इज़राइल में जो नया गठबंधन बन रहा है उसमें मध्यमार्गीय, वामपंथी और दक्षिणपंथी सभी विचारों वाली पार्टियां हैं. विचारों में इनमें भले कोई समानता न हो, लेकिन हर कोई नेतन्याहू को हटाना चाहता है. नेतन्याहू पर गाजा पर हमला कर सत्ता बचाने का आरोप भी विपक्षी दल लगा रहे हैं.
71 साल के नेतन्याहू इज़राइल पर सबसे लंबे वक्त तक शासन करने वाले नेता हैं, लेकिन साथ ही उनपर भ्रष्टाचार, धांधली और रिश्वतखोरी के भी बहुत से आरोप हैं. बता दें कि बीते दो साल में इज़राइल में 4 बार चुनाव हो चुके हैं लेकिन फिर भी किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है, लिगहाजा अब ये नया गठबंधन बन रहा है.