इंडोनेशिया (Indonesia) के सुलावेसी द्वीप पर रविवार को एक रोमन कैथोलिक चर्च (Roman Catholic Church) के बाहर आत्मघाती हमला (Suicide attack) हुआ. इतवार की प्रार्थना सभा के दौरान हुए इस हमले में दो संदिग्ध आत्मघाती हमलावरों ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया. धमाके में 14 आम लोगों के घायल होने का समाचार है.
कैथोलिक पादरी विलहेल्मस तुलक ने पत्रकारों को बताया कि प्रार्थना के दौरान धमाके की तेज आवाज हुई और वो लोग काफी डर गए. उन्होंने ऐसा भी अनुमान जताया कि हमलावर चर्च में घुसने का प्रयास कर रहे होंगे लेकिन जब सुरक्षाकर्मियों ने उनको रोका तो उन्होंने बाहर ही खुद को उड़ा लिया. इंडोनेशिया में बीते कई सालों से अन्य समुदायों के लोग चरमपंथियों से संघर्ष कर रहे हैं और इस कड़ी में कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.