भारत में बनाई गई Covaxin कोरोना के भारतीय वैरियंट 617 को बेअसर करता है, यही नहीं डबल म्यूटेशन वाले वायरस वेरिएंट के खिलाफ भी ये कारगर है. ये कहा है अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एंथनी फौसी ने. PTI से बात करते हुए फौसी बोले कि अब तक के डाटा के मुताबिक यह जरूर कहा जा सकता है कि भारत में जिन लोगों ने Covaxin की खुराक ली है, उनके अंदर कोरोना के नए स्ट्रेन को बेअसर करने की भी क्षमता देखी जा रही है. डॉ. फौसी ने बताया कि भारत में जो मुश्किल हालात हैं उसमें जरूरी है कि सबलोग जल्द से जल्द टीका लगवाएं.
कोवैक्सीन को भारतीय कंपनी भारत बायोटेक और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी ने विकसित किया है. ICMR के मुताबिक क्लीनिकल ट्रायल में इसे 78 फीसदी कारगर पाया गया है. भारत में इस वक्त कोविड-19 के खिलाफ चल रहे वैक्सीनेशन ड्राइव में भारत बायोटेक की Covaxin और सीरम इंस्टीट्यूट की Covishield वैक्सीन दी जा रही है.