सुपरस्टार प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) का एक धमाकेदार इंटरव्यू अगले हफ्ते आने वाला है. इसमें उन्होंने तमाम चीज़ों पर बात की है जिसमें धर्म को लेकर भी उनकी राय शामिल है. एक सवाल के जवाब में चोपड़ा ने कहा कि हिंदू, इस्लाम और क्रिश्चियन जैसे धर्म उनकी परवरिश का हिस्सा रहे हैं. ऑस्कर (Oscar) के लिए नॉमिनेट हुई 'द व्हाइट टाइगर' (The White Tiger) की इस अदाकार ने कहा कि वो कॉन्वेंट स्कूल से पढ़ी हैं ऐसे में उन्हें ईसाइयत के बारे में पता है, वहीं उनके पिता एक मस्जिद में गाते थे जिसकी वजह से उन्हें इस्लाम के बारे में पता चला. अपने हिंदू परिवार में पलने-बढ़ने का ज़िक्र करते हुए चोपड़ा ने कहा कि अभी भी उनके घर में एक मंदिर है और उन्हें जब समय मिलता है वो पूजा कर लेती हैं.
चोपड़ा ने भारत की धार्मिक विविधता का भी ज़िक्र किया और कहा कि आप इससे प्रभावित होते हैं. उन्होंने ये बातें ओपरा विनफ़्रे (Oprah Winfrey) से कहीं. दिग्गज टीवी प्रेज़ेंटर ओपरा ने प्रियंका से ये बातचीत उनकी आ रही किताब 'Unfinished' को लेकर कीं. बता दें कि विनफ़्रे ने हाल ही में ब्रिटेन के शाही परिवार से आने वाले जोड़े प्रिंस हैरी (Prince Harry) और मेगन मर्केल (Meghan Markle) का इंटरव्यू किया था. इसमें शाही परिवार पर लगे नस्लवाद के आरोपों से भूचाल आ गया था.