श्रीलंका के दौरे पर गए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अब राजपक्षे सरकार को CPEC का ऑफर दिया है, जिसका भारत विरोध करता रहा है. इमरान ने कहा कि पाकिस्तान श्रीलंका के साथ कारोबारी संबंधों को आगे बढ़ाने की कोशिश में है. पाकिस्तानी पीएम ने कहा, 'हमने उन क्षेत्रों के बारे में चर्चा की जहां हम अपने कारोबारी संबंधों को बढ़ा सकते हैं, जहां भविष्य में श्रीलंका को मध्य एशिया तक पाकिस्तान के संपर्क से फायदा हो सकता है. खान ने कहा कि CPEC का मतलब मध्य एशिया तक संपर्क कायम होने से है. बता दें कि भारत बीआरआई की कड़ी आलोचना करता है क्योंकि इसके तहत आने वाला 50 अरब डालर का CPEC पाक के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से होकर गुजरता है. पाकिस्तानी PMO ऑफिस से किए गए ट्वीट में कहा गया कि इमरान खान ने श्रीलंकाई प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास ‘टेंपल ट्रीज’ में अकेले में मुलाकात की. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तरीय की वार्ता हुई.