कोरोना वायरस महामारी के चलते पूरी दुनिया में ट्रैवेल को लेकर कई तरह की पाबंदियां जारी हैं. कई देशों में अभी भी लॉकडाउन है लेकिन कुछ देशों ने दूसरे देशों से आने वाले पर्यटकों के लिए अपने प्रतिबंध हटा दिए हैं. आइए जानते हैं कि किन देशों मे भारतीय पर्यटकों के घूमने पर आजादी है.
यूएई- बुर्ज खलीफा से लेकर शानदार शॉपिंग मॉल तक, यूएई के दुबई में वो सबकुछ है जहां आप मजे से अपनी छुट्टियां मना सकते हैं. महामारी की वजह से यहां दूसरे देश से आने वाले लोगों पर रोक लगा दी गई थी लेकिन अब आपको और इंतजार करने की जरूरत नहीं है. हालांकि अगर आप दुबई जाने का ख्वाब देख रहे हैं तो आपको अपने साथ 72 घंटे पहले की COVID-19 PCR Test की नेगेटिव रिपोर्ट साथ लानी होगी. साथ ही आपको इंटरनेशनल कवरेज वाला मेडिकल इंश्योरेंस कराने की भी सलाह दी जाती है.
मालदीव- अगर आप अपने दिल-दिमाग और बॉडी को रिलैक्स करना चाहते हैं तो मालदीव के खूबसूरत बीच से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता. बहुत दिनों से एक अच्छे वेकेशन के इंतजार में हैं तो मालदीव घूमने का प्लान बनाएं. हालांकि यहां आने से भी पहले आपको अपने साथ COVID-19 PCR Test की नेगेटिव रिपोर्ट लानी जरूरी है. यहां आने पर आपकी मेडिकल स्क्रीनिंग की जा सकती है.
नेपाल- पड़ोसी देश नेपाल की यात्रा करना हमेशा आसान होता है. कोरोना के चलते नेपाल ने भी पर्यटकों पर रोक लगा दी थी हालांकि ये रोक अब हटा ली गई है. अब आप यहां की पहाड़ियों और वादियों का लुत्फ उठा सकते हैं. आपको अपने साथ COVID-19 PCR Test की नेगेटिव रिपोर्ट लानी होगी.
अमेरिका- खूबसूरत बीच, पहाड़, झीलें, ग्रैन्ड कैन्यन और नियाग्रा फॉल्स ये सब कुछ आपको संयुक्त राज्य अमेरिका में मिलेगा. जिंदगी में एक बार अमेरिका घूमने की इच्छा लगभग हर किसी की होती है. अगर आप भी अमेरिका जाने का ख्वाब देख रहे हैं तो अब आप इसकी पूरी तैयारी कर सकते हैं. यहां पर भी आपको अपने साथ COVID-19 PCR Test की नेगेटिव रिपोर्ट लानी जरूरी है. इसके अलावा यहां आने पर कुछ मेडिकल फॉर्म्स भी आपसे भरवाए जा सकते हैं।