इंडोनेशिया (Indonesia) के पूर्वी हिस्से में मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ (Landslide and flood) आ गई. जिससे कम से कम 44 लोगों की मौत (death) हो गई है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं. दरअसल पूर्वी नूसा तेंग्गरा प्रांत के फ्लोरेस द्वीप के लमेनेले गांव के करीब 50 घरों पर आधी रात के बाद आसपास की पहाड़ियों से भारी मात्रा में मिट्टी गिरने लगी. बाढ़ का पानी पूर्वी फ्लोरेस जिले के बड़े हिस्से में घुस गया है, जिससे सैकड़ों घर पानी में डूब गए हैं और कुछ घर तो सैलाब में बह गए हैं. बचाव दल का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. सैकड़ों लोग बचाव अभियान में लगे हुए हैं, लेकिन बिजली कटने, सड़कें अवरूद्ध होने तथा दूरदराज के इलाके होने के चलते सहायता एवं राहत पहुंचाने में दिक्कत आ रही है.