भारत और चीन के बीच जारी सीमा विवाद पर अच्छी खबर सामने आई है. एलएसी के पास पैंगोंग लेक इलाके से दोनों देशों की सेनाएं पूरी तरह हट चुकी हैं. भारतीय सेना ने बुधवार देर शाम इसकी पुष्टि की. चीनी सेना फिंगर-8 की तरफ पहुंच चुकी हैं जबकि भारतीय सेना फिंगर-3 तक हट चुकी है. हालांकि दोनों पक्षों की तरफ से अब सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है, जो अगले दो दिनों के भीतर पूरी हो जाएगी. बता दें कि बीते 10 फरवरी से सेनाओं के पीछे हटने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, जो तेजी के साथ पूरी हुई है. रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों देशों की सेनाएं अब करीब-करीब मई से पूर्व की स्थिति में आ चुकी हैं. पैंगोंग लेक इलाके से सेनाओं के हटने के बाद अब तीन दूसरे स्थानों- डेप्सांग, गोगरा और हॉट स्प्रिंग से टकराव खत्म करने की कोशिश की जाएगी. इन जगहों पर दोनों देशों के सैन्य कमांडरों की बैठक में चर्चा होगी.