कोरोना की तीसरी लहर (Third wave of corona) में बच्चों के प्रभावित होने की आशंका के बीच अच्छी खबर सामने आई है. बच्चों के लिए बनी भारत बायोटेक की कोवैक्सीन (Bharat Biotech's Covaccine) का पटना एम्स में क्लीनिकल ट्रायल शुरू हो गया है. . पटना एम्स के कोविड प्रभारी डॉक्टर संजीव कुमार के मुताबिक पहले दिन 3 बच्चे इस वैक्सीन ट्रायल (vaccine trial) में शामिल हुए.
अगले एक महीने में 525 बच्चों पर इस तरह का ट्रायल किया जाना है. इनमें से करीब 100 बच्चों ने अब तक रजिस्ट्रेशन कराया है. ये परीक्षण 12 से 17 वर्ष की उम्र तक के बच्चों पर किया जा रहा है. संजीव के मुताबिक दूसरे चरण में बच्चों पर वैक्सीन का कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं दिखने पर तीसरे चरण के तहत टीके की खुराक दी जाएगी और उसके प्रभावी पाए जाने पर टीके को अनुमोदन के लिए भेज दिया जाएगा. ऐसा माना जा रहा है कि तीसरी लहर बच्चों के लिए घातक हो सकती है. लिहाजा ये ट्रायल बेहद अहम हो जाते हैं. बता दें कि अमेरिका, कनाडा समेत कई देशों ने 16 साल से अधिक उम्र के लिए वैक्सीन को हरी झंडी दिखा दी है, लेकिन अभी ज्यादा छोटे बच्चों के लिए टीके पर दुनिया भर में ट्रायल ही चल रहे हैं.