कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Former Chief Minister Kamal Nath) को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल (Medanta Hospital) में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक कमलनाथ में कोरोना वायरस के लक्षण दिखने के बाद उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखभाल कर रही है. बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से कमलनाथ सर्दी और बुखार से पीड़ित हैं. कमलनाथ बुधवार सुबह 10 बजे मेदांता अस्पताल में चेकअप के लिए पहुंचे, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी थी.
बता दें कि इसी साल फरवरी महीने में इंदौर के अस्पताल में जब कमलनाथ पहुंचे थे, तब वह कई नेताओं के साथ लिफ्ट में चढ़े थे. लेकिन अचानक लिफ्ट 10 फीट तक नीचे गिर गई. हालांकि, गनीमत की बात ये रही थी कि किसी भी नेता को चोट नहीं पहुंची थी.