G-7 देशों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए ब्रिटेन पहुंचे विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि वो कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए थे. उन्होंने खुद ट्वीटर पर इस बारे में जानकारी दी और अब अपने दौरे के आगे के कार्यक्रमों को वर्चुअल तरीके से करने का फैसला किया है. दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा था कि जयशंकर के साथ ब्रिटेन गए एक छोटे प्रतिनिधिमंडल के दो सदस्यों की कोविड जांच पॉजिटिव आई है. सोमवार को ब्रिटेन पहुंचने के बाद विदेश मंत्री ने अमेरिकी समक्ष एंटनी ब्लिंकन से चर्चा की थी और गुरुवार शाम को जयशंकर और ब्रिटिश विदेश मंत्री डोमिनिक राब के बीच बैठक होनी थी. आपको बता दें महामारी शुरू होने के बाद सात देशों के समूह की ये पहली व्यक्तिगत बैठक थी. इस बीच विदेश मंत्रालय ने कहा है कि एस जयशंकर पूरी तरह से सुरक्षित हैं और उनकी सेहत सही है.