राकेश टिकैत के आंसुओं ने किसान आंदोलन को नया मोड़ दिया और एक के बाद एक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हो रही पंचायतों में सरकार के खिलाफ माहौल बनता नजर आ रहा है. रविवार को बागपत के बड़ौत में हुई महापंचायत में जमा हुए किसानों ने ऐलान किया कि वे आंदोलन को कमजोर नहीं पड़ने देंगे और पूरे पश्चिमी यूपी से किसान गाजीपुर जाकर राकेश टिकैत के आंदोलन को मजबूती देंगे. वहीं पंचायत में देशखाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह भी पहुंचे और कहा कि सरकार के कृषि कानून किसान हित में नहीं इसलिए पूरी ताकत के साथ इसका विरोध होगा. महापंचायत में ये भी कहा गया कि धरने को प्रशासन ने जबरन खत्म करवा कर गलत किया. किसान शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन चलाएं और ये भी देखें कि आंदोलन को बाहरी लोग बदनाम ना कर सकें. महापंचायत को पंवार खाप, चौबासी और राठी खाप ने भी समर्थन दिया है.