Tokyo Olympics 2020 में जो भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने के दावेदारों में शुमार हैं, उनमें 29 वर्षीय विकास कृष्ण यादव (Vikas Krishan) का भी नाम शामिल है. विकास कृष्ण यादव बॉक्सिंग (Boxing) के खेल में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले हैं. 69 किलोग्राम भार वर्ग में विकास कृष्ण यादव को बॉक्सिंग के पंच लगाते हुए देखा जाएगा, लेकिन सभी को उनसे गोल्डन पंच की उम्मीद है. अब तक कई पदक (Medal) वे अपने नाम कर चुके हैं, लेकिन ओलंपिक( Olympic) में पदक जीतना उनका भी सपना होगा. हालांकि, वे इससे पहले भी ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, लेकिन पदक से दूर ही रहे हैं.
विकास कृष्ण यादव भारत के दूसरे ऐसे बॉक्सर हैं, जिन्होंने तीन बार ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है. पहले नंबर पर विजेंदर सिंह का नाम है. अनुभवी मुक्केबाज विकास कृष्ण यादव 23 जुलाई से शुरू होने वाले टोक्यो 2020 में अपना जौहर दिखाएंगे. अपने पिछले अनुभवों और शानदार तैयारी के कारण उन्हें टोक्यो में देश को पदक दिलाने की उम्मीद है.
आइए अब एक नज़र डालते हैं विकास के अब तक के सफर पर
विकास ने 2010 में एशियन गेम्स में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता. उन्होंने 2015 की एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था.2016 रियो ओलंपिक में विकास ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन वे पदक नहीं जीत पाए थे. हालांकि, 2018 राष्ट्रमंडल खेलों और फिर एशियाई खेल 2018 में विकास ने गोल्ड मेडल हासिल किया था.