वनडे की कप्तानी से हटाए जाने के बाद फैफ डू प्लेसि ने अब साउथ अफ्रीका की टेस्ट और T20 की कप्तानी भी तत्काल प्रभाव से छोड़ दी है. 35 साल के क्रिकेटर ने ये फैसला साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू होने वाले T-20 सीरीज़ से हफ्ते भर पहले लिया है. डूप्लेसि के इस्तीफे के बाद माना जा रहा है कि वनडे में बतौर कप्तान उनकी जगह लेने वाले क्वांटन डि कॉक को ही अब टेस्ट और T-20 में भी फुल टाइम कमान सौंपी जा सकती है. डू प्लेसि ने कहा कि साउथ अफ्रीका क्रिकेट नए दौर में प्रवेश कर रहा है. इसलिए अब जरूरी है कि उसका नेतृत्व भी किसी नए कप्तान के हाथ में हो ताकि वो टीम के लिए नई रणनीतियां बना सके. टेस्ट और T20 की कप्तानी छोड़ते हुए हालांकि डू प्लेसि ने ये जरूर कहा कि वो फिलहाल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में खेलना जारी रखेंगे... ताकि टीम और नए कप्तान को उनके अनुभव का फायदा मिल सके.