दांतों और मसूड़ों का दर्द बहुत तकलीफ देने वाला होता है. दांत में दर्द होने पर ना तो आप ढंग से खा पाते हैं, ना बोल पाते हैं और ना ही कोई दूसरे काम कर पाते हैं. दांत में दर्द के तो कई कारण हो सकते हैं. अगर आप इस दर्द से राहत चाहते हैं तो कुछ घरेलू उपचार अपनाकर थोड़ी देर के लिए इससे राहत पाई जा सकती है.
दर्द हमेशा के लिए ठीक हो जाएगा या कुछ समय के लिए राहत मिलेगी यह आपके दांत में दर्द (Toothache Home Remedies) की वजह पर निर्भर करता है.
हज़ारों सालों से लहसुन अपने औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है. इसमें मौजूद एंटी-बायोटिक गुण दांत के दर्द में राहत देने में मददगार होते हैं. लहसुन की एक कली को कूटकर उसका पेस्ट बना लें और दर्द की जगह पर उसे लगा लें, आपको आराम मिलेगा. आप लहसुन की कली को चबा भी सकते हैं.
दांत में दर्द से राहत दिलाने में लौंग एक कारगार उपाय है. लौंग का तेल दांत में दर्द से तुरंत राहत दिलाता है क्योंकि इसमें यूजेनॉल पाया जाता है, जो दर्द को सुन्न कर देता है. तेल अगर घर में उपलब्ध ना हो तो लौंग को दांत के नीचे दबा लें इससे भी आपको कुछ ही देर में दर्द से राहत मिलेगी. इसके अलावा आप 4-5 लौंग को पानी में उबालकर इसकी चाय बना कर भी पी सकते हैं.
दांत दर्द में नमक के पानी से कुल्ला करना सबसे आम घरेलू इलाज है. नमक में एंटी बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं. जो दांत में दर्द और मसूड़ों में सूजन से जल्द राहत दिलाते हैं. साथ ही यह दांत में होने वाले इंफेक्शन को भी खत्म करता है. इसके लिए आप एक गिलास पानी में चुटकी भर नमक डालकर उसे हल्का गुनगुना कर लें, अब इस पानी से कुल्ला करें. ऐसा दिन में दो से तीन बार करने पर आप दर्द के साथ इंफेक्शन से भी जल्द निजात पा सकते हैं.
सूजन को कम करने और दांतों के दर्द से छुटकारा पाने के लिए आइस पैक का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. आइस पैक एक घरेलू और आसान तरीका है. एक टॉवल में आइस लपेटकर जहां पर दर्द है उस तरफ चेहरे या जबड़े पर कुछ समय के लिए रखें, आपको दर्द से राहत मिलेगी.
लौंग की तरह ही पेपरमिंट भी आपके दांत का दर्द और इन्फ्लेमेशन कम करने में मददगार होता है. ये आपके सेंसिटिव गम्स को भी राहत देता है. दर्द वाली जगह पर पेपरमिंट का तेल लगाने से काफी आराम मिलता है. इसके अलावा थोड़ा सा गर्म पेपरमिंट टी बैग इंफेक्शन वाली जगह पर लगाने से तुरंत आराम मिलेगा.
दांत के दर्द को बहुत लम्बे समय तक नज़रअंदाज़ ना करें. अगर इन घरेलू उपायों को करने के बाद भी आपको आराम नहीं मिलता है तो तुरंत अपने डेंटिस्ट से जाकर मिलें.
यह भी पढ़ें | दांतों में है दर्द तो हो जाएं सावधान, हो सकता है कोरोना का लक्षण!