कई फिल्मों में काम कर चुके अरमान जैन पर ED का शिकंजा कसता जा रहा है. इस जांच एजेंसी ने अरमान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तलब किया है. अरमान बॉलीवुड के कपूर खानदान से ताल्लुक रखते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ED के अधिकारियों ने अरमान के साउथ मुंबई स्थित Altamount रोड वाले घर पर छानबीन भी की. इस केस में अरमान जैन का नाम शिव सेना एमएलए प्रताप सरनाईक के बेटे विहंग की वजह से आया. विहंग से भी इस केस में पूछताछ जारी है. बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान विहंग के फोन का डेटा भी ED के अधिकारियों ने लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अरमान और विहंग के बीच कुछ संदेहजनक बातचीत सामने आई थीं. मामला टॉप्स ग्रुप के एक केस से जुड़ा हुआ है.