सर्दी के मौसम में लोगों को बहुत कम प्यास लगती है. जिसकी वजह से पानी पीना कम हो जाता है. लेकिन इसका मतलब ये बिलकुल नहीं है कि शरीर को पानी की ज़रूरत नहीं है. आपको शायद पता ना लगे लेकिन पानी की कमी के कारण आपका शरीर धीरे-धीरे डीइहाइड्रेट होने लगता है. हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो डीहाइड्रेशन से शरीर के मेन ऑर्गन्स पर बहुत बुरा असर पड़ता है. आइए जानते हैं कि डीहाइड्रेशन से हमारी सेहत को कितने नुकसान हो सकते हैं.
ब्रेन से जुडी समस्याएं
डीहाइड्रेशन की वजह से हमारे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट का स्तर बहुत कम हो जाता है जो दिमाग में कई तरह की दिक्कतें पैदा कर सकता है. इलेक्ट्रोलाइट पोटेशियम और सोडियम जैसे मिनरल्स हैं जो कोशिकाओं के बीच सिग्नल भेजने का काम करती है. मेयो क्लिनिक के अनुसार, अगर आपके इलेक्ट्रोलाइट्स बहुत कम हैं, तो वो कोशिकाओं को संकेत भेजने का काम नहीं कर सकेंगे और इसकी वजह से मांसपेशियों में खिंचाव से लेकर दौरे पड़ने तक की समस्या आ सकती है.
किडनी की परेशानियां
ज्यादा समय तक प्यासे रहने पर किडनी को बहुत मेहनत करनी पड़ती है. नेशनल किडनी फाउंडेशन के अनुसार, इस तरीके से किडनी को चोट आ सकती है और आपको किडनी की बीमारी भी हो सकती है. शरीर में पानी की कमी से पथरी की भी समस्या होने लगती है
डाइजेस्टिव सिस्टम पर असर
पाचन तंत्र को सही से काम करने के लिए पर्याप्त पानी की जरूरत पड़ती है. पानी के जरिए ही शरीर से टॉक्सिन्स बाहर आते हैं और पाचन तंत्र दुरूस्त रहता है. शरीर में तरल पदार्थ की कमी का असर आपके बाउल मूवमेंट पर भी पड़ता है.
स्किन पर असर
पानी की कमी का सीधा असर आपकी स्किन पर भी नज़र आने लगता है. पानी की कमी की वजह से स्किन रूखी होने लगती है और होंठ फटने लगते हैं. अच्छी और सेहतमंद स्किन के लिए बॉडी का अच्छे से हाइड्रेटेड होने जरूरी है.
हाइपोटेंशन या लो ब्लड प्रेशर
शरीर को खून बनाने के लिए लिक्विड की जरूरत होती है. जब शरीर में तरल पदार्थ की कमी हो जाती है तो खून का स्तर भी कम हो जाता है. शरीर में पानी की कमी की वजह से हाइपोटेंशन या लो ब्लड प्रेशर की शिकायत हो सकती है और इसकी वजह से व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है.