अमेरिका में राष्ट्रपति चुनावों के मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों ने कई जगह हंगामा किया. वॉशिंगटन में ट्रंप समर्थकों ने कार-बाइक रैली निकाली और शहर बंद करने की अपील की तो कई जगहों पर मतगणना रुकवाने के लिए भी हंगामा किया. लास वेगस में मतगणना रुकवाने के लिए रिपब्लिकन समर्थकों ने तेज आवाज में संगीत बजाया. इस बीच एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें भारतीय मूल की एक लड़की पुलिस से भिड़ती नजर आ रही है. बता दें कि डॉनल्ड ट्रंप मेल इन बैलट्स की गिनती को लेकर धांधली की बात कर रहे हैं और वो कोर्ट भी गए. हालांकि मिशिगन और जॉर्जिया की मतगणना को लेकर दायर मुकदमों में ट्रंप को मुंह की खानी पड़ी है.