कोरोना के बढ़ते मामलों और हरिद्वार में कुंभ (Kumbh Shahi Snan) के आयोजन को लेकर सुर्खियों के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने फिर ऐसा बयान दिया है, जिसे लेकर विवाद हो सकता है. तीरथ सिंह रावत (Teerath Singh Rawat) ने कहा है कि गंगा मां के आशीर्वाद की वजह से यहां कोरोना नहीं फैलेगा और कुंभ की तुलना मरकज़ से नहीं की जा सकती. रावत ने कहा कि मरकज़ से महामारी फैली क्योंकि सब लोग एक कमरे में बंद रहे, कुंभ खुले में है इसलिए कोरोना नहीं फैलेगा.
आपको बता दें कि पुलिस के डेटा के मुताबिक सोमवार शाम तक करीब 35 लाख लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई. वहीं शाही स्नान के दौरान कई घाटों पर कोविड गाइडलाइंस का पालन भी नहीं हुआ. 12 अप्रैल को ही हरिद्वार में कोरोना के 400 से ज्यादा मामले सामने आए. वहीं अखाड़ा की पेशवाई में कोविड 19 गाइडलाइंस की जमकर धज्जियां उड़ीं.