बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा चक्रवाती तूफान 'बुलबुल' भीषण रूप ले सकता है, और इसकी चपेट में ओडिशा और पश्चिम बंगाल आ सकते हैं. बताया गया है कि ये शनिवार को और ताकतवर होकर ‘बहुत गंभीर' श्रेणी में पहुंच जाएगा और इसकी रफ्तार 115 से 125 किमी हो सकती है. इसे लेकर सरकारें हरकत में आ गई हैं और दोनों ही राज्यों में NDRF की टीमें भेजी जा रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिंता जताई है तो पीएमओ ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार के मुख्य सचिवों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया है. तूफान बुलबुल के मद्देनजर मछुआरों को तट पर लौटने और अगले आदेश तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.