कोरोना महामारी की वजह से 2030 तक करीब 1 करोड़ से अधिक लड़कियों पर बाल विवाह का खतरा मंडरा रहा है. UNICEF की नई रिपोर्ट में ये चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर यूनिसेफ की ओर से जारी रिपोर्ट बताती है कि महामारी के कारण स्कूल बंद होने, सेवा में रुकावट, आर्थिक तनाव और महामारी के कारण होने वाली मौतों की वजह से लड़कियां बाल विवाह के खतरे में हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले 10 सालों में वैश्विक तौर पर महिलाओं के बाल विवाह का खतरा 15 प्रतिशत तक कम हुआ है, लेकिन अब एक बार ये खतरा पैदा हो गया है. दुनियाभर में करीब 65 करोड़ महिलाएं ऐसी हैं जिनकी शादी बचपन में हुई थी. इनमें से लगभग आधी लड़कियां बांग्लादेश, ब्राजील, भारत, नाइजीरिया और इथियोपिया की हैं. बाल विवाह के खतरे से निपटने के लिए यूनिसेफ ने स्कूलों को फिर से खोलने, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और सामाजिक सुरक्षा उपायों पर जोर देने की सलाह दी है.