देश में हर गुजरते दिन के साथ कोरोना की दूसरी लहर (Second Wave of Corona) कमजोर पड़ती जा रही है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) के मुताबिक शुक्रवार को देश में 24 घंटे में 44 हजार 111 नए मामले सामने आए जबकि 738 मरीजों की इस महामारी ने जान ले ली. बीते 24 घंटे में 57 हजार 477 मरीज स्वस्थ्य भी हुए हैं.
अच्छी बात ये है कि देश में एक्टिव केस (Active Case) भी घटकर 4 लाख 95 हजार 533 पर आ गए हैं. ये आंकड़ा बीते 97 दिनों में सबसे कम है. देश में कोरोना से रिकवरी रेट (Recovery Rate) बढ़कर 97.06 फीसदी हो गया है और दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.35 फीसदी है.
वैक्सीनेशन के मोर्चे पर बात करें तो देश में शुक्रवार को 50 लाख से ज्यादा टीके लगे. जिससे वैक्सीनेशन की कुल संख्या बढ़कर 41.64 करोड़ हो गई. देश में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या तीन करोड़ 5 लाख 2 हजार 362 हो गई है. कोरोना से मौतों की संख्या 4 लाख 1 हजार 50 है.