America Corona: अमेरिका में अगले चार से छह हफ्तों में कोरोना के मामलों की संख्या 4 गुना तक बढ़ सकती है. ये चेतावनी अमेरिका में रोग नियंत्रण केंद्र (सीडीसी) के पूर्व निदेशक डॉ. टॉम फ्रीडेन ने दी है.
सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक टॉम फ्रीडेन ने इसके पीछे कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट और टीकाकरण की रफ्तार में आए धीमेपन को वजह बताया है.
डॉ. फ्रीडेन ने कहा, 'हम कठिन समय की ओर बढ़ रहे हैं. अमेरिका की स्थिति भी यूनाइटेड किंगडम जैसी हो सकती है, अगर ऐसा होता है तो आने वाले समय में यहां एक दिन में दो लाख केस तक देखे जा सकते हैं. हालांकि, उन्होंने कहा कि अमेरिका में कोरोना वायरस से मृत्यु दर बढ़ने की संभावना नहीं है क्योंकि बड़ी संख्या में कमजोर लोगों को टीके की खुराक लगाई जा चुकी है.