देश में बढ़ते कोरोना संकट के बीच हेल्थ वर्कर्स (Health workers) के सामने नई आफत आ सकती है. दरअसल मार्च 2020 में शुरू हुई बीमा योजना 24 अप्रैल को खत्म हो रही है. इस योजना के तहत करीब 22 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष बीमा कवर (Special insurance cover) उपलब्ध कराया जा रहा है. जिसमें किसी भी हेल्थ वर्कर्स की मौत होने पर उनके परिजनों को 50 लाख का बीमा कवर मिलता है. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक सरकार ने उनके इंश्योरेंस कवर को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है.
इस बाबत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Ministry of Health) ने एक सर्कुलर राज्यों को पिछले महीने ही भेज दिया है. हालांकि अब केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण का कहना है कि कोरोना वारियर्स को कवर प्रदान करने के लिए नई व्यवस्था की घोषणा जल्द ही की जाएगी. वैसे इस योजना को लेकर पहले से विवाद है. IMA के मुताबिक कोरोना संक्रमण के कारण अब तक देश में कम से कम 739 एमबीबीएस डॉक्टरों की मौत हो चुकी है लेकिन सरकार ने केवल 287 दावों का ही निपटारा किया.