देश में पिछले कई दिनों से कोरोना के नए मामलों (New Cases of Corona) में गिरावट हो रही थी. लेकिन अब लगातार दूसरे दिन कोरोना के नए केसों की संख्या बढ़ी है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) के मुताबिक बुधवार को बीते 24 घंटे में देश में 45 हजार 892 नए केस आए जबकि 817 मरीजों की मौत हो गई. इससे पहले मंगलवार को 43 हजार नए मामले आए थे औऱ 930 मरीजों की जान गई थी.
अहम ये है कि कई हफ्तों के बाद पहली बार कोरोना के नए केसों की संख्या ठीक होने वालों से ज्यादा है. बुधवार को 24 घंटे में 44 हजार 291 मरीज ही ठीक हुए हैं. देश में कोरोना के एक्टिव केसों (Active Cases) की संख्या भी बढ़कर अब 4 लाख 60 हजार 704 है.
देश में अब कोरोना के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 7 लाख 9 हजार 557 हो गई है. मरने वालों की कुल संख्या 4 लाख 5 हजार से ज्यादा हो गई है. वैक्सीनेशन (Vaccination) की बात करें तो बुधवार को 24 घंटे में 33 लाख 81 हजार से ज्यादा लोगों को डोज़ मिली. जिससे कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा बढ़कर 36. 48 करोड़ हो गया है.