भारत में पिछले 5 हफ्तों से कोरोना वायरस के औसत नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है. लेकिन अभी खतरा कम नहीं हुआ है. देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 41 हजार 100 नए केस सामने आए हैं, जबकि 447 लोगों की मौत हुई है. नए केस सामने आने के बाद देश में अबतक कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 88 लाख 14 हजार 579 हो गई है. वहीं अबतक 1 लाख 29 हजार 635 लोगों की जान जा चुकी है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में ठीक होने वाली मरीजों की संख्या 82 लाख के पार हो गई है. पिछले 24 घंटे में 42,156 मरीज ठीक हुए हैं, जो कि रोजाना आने वाले नए मामलों की तुलना में अधिक है. नए मामलों में कमी और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक होने से एक्टिव केस में कमी आई है. देश में कोरोना के एक्टिव मामले 4 लाख 79 हजार 216 रह गए हैं.