कोरोना तबाही के नए रिकॉर्ड बना रहा है. वेबसाइट वर्ल्डोमीटर (Website worldometer) के आंकड़े इसकी तस्दीक करते हैं. जिसके मुताबिक भारत में रविवार को 24 घंटे में रिकॉर्ड 3 लाख 54 हजार 531 नए केस आए हैं जबकि 2806 मरीजों की सांसें कोरोना ने थाम ली हैं. नए केसों और मौतों का ये आंकड़ा महामारी (Epidemic) शुरू होने के बाद से सबसे ज्यादा है. वैसे ये लगातार छठा दिन है जब देश में कोरोना के नए केसों की संख्या 3 लाख से ज्यादा दर्ज हुई है. चिंता की बात ये भी है एक्टिव मरीजों (Active patients) की संख्या भी बदस्तूर बढ़ रही है.
फिलहाल देश में इनकी संख्या बढ़कर 28 लाख 7 हजार 333 हो गई है. कोरोना से रिकवरी रेट भी गिरकर 82.6 प्रतिशत पर पहुंच गई है. बहरहाल देश में कुल कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब 1 करोड़ 73 लाख 4 हजार 308 हो गई है और मरने वालों का कुल आंकड़ा 1 लाख 95 हजार 116 पर पहुंच गया है.