केरल (Kerala) में गुरुवार को 22 हजार से ज्यादा कोरोना केस दर्ज किए गए, कुल संख्या रही 22064. केंद्र सरकार ने केरल पर लापरवाही का आरोप लगाया है और बकरीद में दी गई छूट को मुद्दा बनाया है. केंद्र सरकार राज्य में छह सदस्यों की एक टीम भी भेज रही है.
उधर बढ़ते मामलों पर केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज (Veena George) ने कहा है कि हम हर दिन ज्यादा से ज्यादा टेस्ट (more tests) कर रहे हैं, इसलिए पॉजिटिव मामलों की संख्या भी ज्यादा आ रही है. 28 नवंबर को राज्य में करीबन 2 लाख टेस्ट किए गए जो दूसरे राज्यों की तुलना में काफी ज्यादा है. उन्होंने बताया कि हम सभी पॉजिटिव केस की पहचान करना चाहते हैं ताकि इन्हें कम किया जा सके और ये सुनिश्चित किया जा सके कि राज्य में थर्ड वेव ना आए.
केरल के खिलाफ आरोपों और मीडिया रिपोर्टिंग पर राज्य सरकार ने कहा है कि केरल के खिलाफ एक सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है. राज्य की हेल्थ मिनिस्टर ने कहा कि विशेषज्ञ भी मानते हैं कि केरल ने शुरू से ही कोरोना पर गंभीरता से और साइंटिफिक तरीके से काम किया है, हमारे पास काफी अच्छा डिफेंस मैकेनिज्म है इसीलिए सीरो सर्वे में भी राज्य में कोरोना कम मिला है. उन्होंने कहा कि कोरोना का डेल्टा वायरस खतरनाक है और हम इसे रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. केरल ने उसपर निशाना साधने वालों से पूछा है कि क्यों वो अन्य राज्यों में धार्मिक स्थलों पर उमड़ती भीड़ पर कुछ नहीं बोल रहे, क्यों वहां होती भगदड़ पर भी वो चुप हैं.